कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के कार्यक्रम में काला झंडा दिखाए जाने के बाद हुए मारपीट का मामला
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज मुख्यालय पर 16 मार्च 2026 सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान काला झंडा दिखाकर किए गए विरोध प्रदर्शन ने अचानक उग्र रूप ले लिया। इस दौरान कथित तौर पर मारपीट और अभद्रता की घटना सामने आई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
बताया जाता है कि महराजगंज एक कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री ओपी राजभर के विरोध में कुछ लोगों द्वारा काला झंडा दिखाया गया। आरोप है कि इसी दौरान मंत्री के इशारे पर किसान नेता धर्मराज चौरसिया के साथ मारपीट की गई और उन्हें गालियां दी गईं। साथ ही जनहित किसान पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बैरिस्टर शिवदयाल चौरसिया तथा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के प्रति भी अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद स्थिति और गंभीर हो गई जब पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए धर्मराज चौरसिया को ही हिरासत में लेकर जेल भेज दिया, जबकि आरोप है कि मारपीट करने वाले लोगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान में धर्मराज चौरसिया महराजगंज जेल में बंद हैं।
पिपरिया क्षेत्र के निवासी किसान नेता के समर्थन में अब आवाजें उठने लगी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्यामसुंदर दास ने जिलाधिकारी को संबोधित पत्र में मांग की है कि धर्मराज चौरसिया को तत्काल रिहा किया जाय तथा मारपीट और अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाय।
प्रेस नोट में यह भी दावा किया गया है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो आरोपियों की पहचान में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।