लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पीजी कॉलेज में बी.ए. एवं बी.एससी. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

आनंदनगर, महाराजगंज, 3 अगस्त!

लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पीजी कॉलेज, आनंदनगर में बी.ए. एवं बी.एससी. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ (Student Induction) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम पाण्डेय ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है। 

उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों को बहुआयामी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, क्रेडिट प्रणाली, आंतरिक मूल्यांकन, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, डिजिटल शिक्षण संसाधनों तथा कैरियर निर्माण की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। 

विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं छात्र कल्याण योजनाओं से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें अनुशासित, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। 

कार्यक्रम को डॉक्टर अजीत सिंह, डॉक्टर शिव प्रताप सिंह, डॉक्टर प्रवीण कुमार मिश्र, डॉक्टर देवेंद्र कुमार चौबे ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ.बाल गोविंद मौर्य ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बी.ए. एवं बी.एससी. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *