यूपी विधानसभा में सीएम योगी की तस्वीर को लेकर हंगामा, अध्यक्ष ने जताई आपत्ति, मुख्यमंत्री ने भी सपा पर साधा निशाना

मनोज कुमार त्रिपाठी 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान उस समय सदन का माहौल गर्मा गया, जब समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लहराते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने तत्काल आपत्ति जताई और अपनी कुर्सी से खड़े होकर कहा कि मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है और उस पर कुछ भी लिखना स्वीकार्य नहीं है।

अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विधायक को मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ ऐसा व्यवहार न करने की नसीहत दी।

घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्ष के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों का सम्मान किया जाना चाहिए तथा सदन की मर्यादा का पालन सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है।

इस घटना के बाद विधानसभा में कुछ समय तक हंगामे की स्थिति बनी रही। अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *