मनोज कुमार त्रिपाठी
महाराजगंज/नौतनवा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हिंदू देवी-देवताओं, साधु-संतों, मठ-मंदिरों और हिंदू समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट किए जाने को लेकर हिंदू रक्षा दल ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर उप जिलाधिकारी नौतनवा को जिलाधिकारी महाराजगंज के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने तथा कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी रहती है। संगठन ने पुलिस और साइबर सेल के माध्यम से ऐसे मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।
हिंदू रक्षा दल ने प्रशासन से आग्रह किया कि आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान करणी सेना के जिला अध्यक्ष एवं हिंदू रक्षा दल के विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी के साथ अमन पहलवान, रवि गौड़, गुलशन समेत संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






