महराजगंज में बेकाबू डंपर का कहर, मकान-दुकान में घुसा भारी वाहन; दो क्रेनों से घंटों चला रेस्क्यू

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। शहर के मुख्य चौराहे पर देर रात तेज रफ्तार मिक्सर डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान और दुकान से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का अगला हिस्सा और दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

 

जोरदार टक्कर से मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि डंपर अनियंत्रित होने के बाद सीधे सड़क किनारे बने भवन में जा घुसा। टक्कर से मकान की दीवारों और सामने के हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। वहीं, पास की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद सड़क पर मलबा फैल गया, जिससे यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

दो क्रेनों ने संभाला मोर्चा

भारी-भरकम डंपर को घटनास्थल से हटाना आसान नहीं था। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दो बड़ी क्रेन मौके पर बुलाई गईं। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डंपर को मकान से बाहर निकाला जा सका। वाहन हटाए जाने के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

 

जनहानि टली, संपत्ति को भारी नुकसान

गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि मकान और दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है। देर रात हुए इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल डंपर चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *