मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ SSB और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 450 बोतल नेपाली शराब बरामद की है। तस्कर नेपाली शराब को बोरियों में भरकर खेतों के रास्ते भारत में दाखिल कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन नाका पार्टी की भनक लगते ही शराब से भरी बोरियां मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की रात करीब 8 बजे SSB की ए समवाय पतलावा को सूचना मिली कि कार्मिस्वा पोस्ट से करीब 200 मीटर दूर तथा सीमा स्तंभ संख्या 499 से लगभग 500 मीटर की दूरी पर कुछ लोग सिर पर बोरी रखकर नेपाली शराब भारत लाने वाले हैं। सूचना मिलते ही SSB और बहुवार पुलिस चौकी की संयुक्त टीम अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 200-300 मीटर अंदर गन्ने के खेत में घात लगाकर बैठ गई।
कुछ देर बाद संदिग्ध लोग सिर पर बोरियां लेकर सीमा पार करते दिखाई दिए। जैसे ही वे करीब 50 मीटर भारतीय क्षेत्र में पहुंचे, उन्हें आगे संयुक्त नाका पार्टी के मौजूद होने का आभास हो गया। इसके बाद तस्कर बोरियां वहीं फेंककर भागने लगे। संयुक्त टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन सभी तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। अंधेरे और सीमा पार कर जाने के कारण किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
मौके पर छोड़ी गई तीन बोरियों की जांच करने पर प्रत्येक बोरी में पांच पेटी मिलीं। कुल 15 पेटियों में 450 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर की थी, यानी कुल 135 लीटर अवैध नेपाली शराब बरामद की गई। शराब की किस्म किसमिस-सौंफ बताई गई है।
संयुक्त टीम ने करीब 8:30 बजे बरामद शराब को जब्त कर लिया और अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस चौकी को सुपुर्द कर दिया।
कार्रवाई में SSB की ओर से निरीक्षक अरुण पाण्डेय, आरक्षी रामा साहनी, आरक्षी यादवेंद्र प्रताप मिश्रा और मुख्य आरक्षी चालक दुर्विजय नाथ शामिल रहे। वहीं पुलिस चौकी बहुवार से उपनिरीक्षक मनोज गुप्ता, आरक्षी आनंद और आरक्षी शुभम ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
सीमा क्षेत्र में लगातार तस्करी के प्रयासों के बीच SSB और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


