महराजगंज से कांग्रेस का 2027 मिशन शुरू! अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं को दिया बूथ जीतने का मंत्र, सुप्रिया श्रीनेत ने भरा जोश

अभिषेक दत्त का बड़ा हमला—महंगाई-बेरोजगारी चरम पर, नौजवान सड़क पर और गरीबों के घर नहीं जल रहा चूल्हा

सुप्रिया श्रीनेत ने अभिषेक दत्त को बताया ‘कर्मठ और जुझारू नेता’, बोलीं—कर्नाटक में गांव-गली तक किया संघर्ष

दिलीप त्रिपाठी

महराजगंज। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने महराजगंज में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को धार देने की कवायद तेज कर दी है। जिला मुख्यालय स्थित एक निजी मैरिज हॉल में कांग्रेस का वृहद कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अभिषेक दत्त और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

सम्मेलन में जिलेभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी रणनीति पर चर्चा हुई।

महंगाई-बेरोजगारी को लेकर अभिषेक दत्त का सरकार पर हमला

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर है। नौजवान रोजगार के लिए सड़क पर आंदोलन करने को मजबूर हैं, किसान को अपनी फसल की उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और महंगाई के कारण गरीब व्यक्ति के घर का चूल्हा तक नहीं जल रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश का आमजन कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगले चार महीने पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने और हर बूथ तक पहुंचने का आह्वान किया। अभिषेक दत्त ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर कांग्रेस को नया स्वरूप देना होगा और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जमीनी स्तर पर तैयारी करनी होगी।

दिल्ली हादसे पर छह अधिकारियों के निलंबन की मांग

सम्मेलन के दौरान दिल्ली हादसे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अभिषेक दत्त ने घटना को लेकर कमिश्नर समेत कुल छह अधिकारियों के निलंबन की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कंस्ट्रक्शन माफिया, अधिकारियों और नेताओं की मिलीभगत से आम आदमी की जान से खेला जा रहा है। उन्होंने हादसों के लिए जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

सुप्रिया श्रीनेत ने अभिषेक दत्त के संगठनात्मक अनुभव को सराहा

राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने महराजगंज की धरती पर राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त का स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभिषेक दत्त को कांग्रेस पार्टी का कर्मठ और जुझारू नेता बताया। उन्होंने कहा कि अभिषेक दत्त इससे पहले कर्नाटक के प्रभारी रहे हैं, जहां उन्होंने गांव-गली तक जाकर कार्यकर्ताओं के साथ संघर्ष किया और संगठन को मजबूत करने का काम किया।

उन्होंने कहा कि आज कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के काम की लोग सराहना कर रहे हैं। सुप्रिया श्रीनेत ने महराजगंज के प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता की ओर से अभिषेक दत्त का स्वागत और अभिनंदन किया।

महराजगंज में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा

वृहद संवाद सम्मेलन को संबोधित करते हुए फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने महराजगंज में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आसपास के जिलों में विश्वविद्यालय स्थापित हो चुके हैं, लेकिन महराजगंज में आज तक कोई सरकारी या निजी विश्वविद्यालय स्थापित नहीं हो पाया है।

उन्होंने जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। विधायक ने आरोप लगाया कि एक निजी मेडिकल कॉलेज सत्ता के संरक्षण में संचालित हो रहा है, जहां लोगों के शोषण की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की सरकार उत्तर प्रदेश में बनने पर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और महराजगंज में इन दोनों क्षेत्रों में बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा।

जगह-जगह हुआ अभिषेक दत्त का जोरदार स्वागत

कार्यक्रम से पहले राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी, शरद कुमार सिंह बबलू, अवनीश पाल, शरदेंदु पांडे, सदा मोहन उपाध्याय, राजू गुप्ता, कपिल देव शुक्ला, विनोद कुमार सिंह, विनीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सहानी, गोपाल शाही, अनवर खान, जग्गू प्रसाद, डॉ. रामनारायण चौरसिया, पूर्णमासी यादव, चंद्रजीत भारती, इंजीनियर शिवपूजन, राजन शुक्ला, नूर आलम, बख्शीश अली, अंबरीश शाही, चंदन तिवारी, हृदय नारायण पांडे, प्रभाकर द्विवेदी, अफजल अब्बासी, नेहाल इराकी, देव यादव, रामरतन प्रजापति, राजाराम प्रधान, यंत्री प्रसाद मौर्य, विधि नारायण वर्मा, तेज बहादुर पांडे, प्रमोद पांडे, डॉ. अकील अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने सभी अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए आगामी समय में संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *