हॉकी में महराजगंज की बेटियों ने रचा इतिहास, प्रदेशीय टीम में चार का चयन

अंडर-17 बालिका वर्ग में पहली बार एक साथ चार खिलाड़ियों ने बनाई जगह, रामपुर में दिखाएंगी दमखम

घुघली, महराजगंज। खेल के मैदान में महराजगंज की बेटियों ने इतिहास रचते हुए जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। गोरखपुर में आयोजित अंडर-17 बालिका हॉकी मंडलीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर महराजगंज की चार खिलाड़ियों का चयन 70वीं प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 के लिए हुआ है। खास बात यह है कि जिले के खेल इतिहास में पहली बार एक साथ चार बालिका खिलाड़ियों ने प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है।

प्रदेश स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में नेहा कुमारी, साक्षी, गरिमा और रितिका पटेल शामिल हैं। चारों खिलाड़ी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महराजगंज की छात्राएं हैं। अब ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी 16 से 19 सितंबर तक रामपुर में आयोजित होने वाली प्रदेशीय प्रतियोगिता में महराजगंज का प्रतिनिधित्व करेंगी।

गुरुवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, गोरखपुर में आयोजित मंडलीय प्रतियोगिता में महराजगंज की खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान पर उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा, जिसके बाद नेहा, साक्षी, गरिमा और रितिका का चयन प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

चारों खिलाड़ियों का एक साथ प्रदेशीय टीम में चयन जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह सफलता न सिर्फ इन खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि जिले में बालिका खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रोत्साहन की भी तस्वीर पेश करती है।

जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिले में खेल गतिविधियों को नई गति मिली है। स्वयं राज्य स्तर तक हॉकी खेल चुके डीआईओएस के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिल रहा है। जिले के खिलाड़ियों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सफलता हासिल की है।

जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पिछड़े क्षेत्र की बेटियों ने अपनी प्रतिभा और हौसले से साबित कर दिया है कि सुविधाओं की कमी प्रतिभा की उड़ान को नहीं रोक सकती। चारों खिलाड़ियों का प्रदेश स्तर पर चयन महराजगंज के लिए गौरव की बात है और उम्मीद है कि वे रामपुर में भी शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।

चारों खिलाड़ियों की सफलता पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सुरजीत सिंह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनामिका पांडेय समेत विद्यालय के शिक्षकों ने बधाई दी और प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

महराजगंज की नेहा, साक्षी, गरिमा और रितिका अब रामपुर में प्रदेश के सामने अपनी हॉकी प्रतिभा का दम दिखाएंगी। उनकी यह उपलब्धि जिले की उन तमाम बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *