नेउपाने को 159 वोट, संजीव शर्मा रेगमी को 150; उपाध्यक्ष समेत कई पदों पर पैनल के प्रत्याशियों की जीत
मनोज कुमार त्रिपाठी
सिद्धार्थनगर। नेपाली कांग्रेस के 15वें आम सम्मेलन के तहत बुधवार को सिद्धार्थनगर नगरपालिका की नगर कार्यकारी समिति के लिए हुए चुनाव में देवराज नेउपाने ने जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। कड़े मुकाबले में नेउपाने को कुल 318 मतों में से 159 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी संजीव शर्मा रेगमी को 150 वोट प्राप्त हुए।
नगर कार्यकारी समिति के नेतृत्व के लिए देवराज नेउपाने और संजीव शर्मा रेगमी ने अलग-अलग पैनल के साथ चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबला किया था। परिणाम में नेउपाने पैनल को कई प्रमुख पदों पर सफलता मिली। इससे नगर कांग्रेस संगठन में उनके नेतृत्व को मजबूती मिली है।

देवराज नेउपाने इससे पहले पिछले सम्मेलन में नेपाली कांग्रेस सिद्धार्थनगर के उपाध्यक्ष चुने गए थे। हाल के दिनों में उन्होंने नगर के कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली थी।
नेउपाने पैनल के प्रमुख पदों पर जीत
नेउपाने पैनल से उम्मीदवारी करने वाले गौरव श्रेष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। उन्हें 174 वोट मिले। वहीं नीलू श्री मगर महिला उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जिन्हें 162 वोट प्राप्त हुए।
धर्मबीर शर्मा और दिनेश केवट संयुक्त सचिव चुने गए। शर्मा को 167, जबकि केवट को 165 वोट मिले।
वहीं रेगमी पैनल के उम्मीदवारों में उपाध्यक्ष पद पर अनिल के.सी. को 132 वोट, महिला उपाध्यक्ष पद पर लक्ष्मी आर्यल को 146 वोट, सचिव पद पर पंकज उदास को 140 वोट और संयुक्त सचिव पद पर राम मिलन यादव को 139 वोट मिले।
सदस्य पदों पर भी हुआ मुकाबला
सदस्य (खुली श्रेणी) में माधव शर्मा ने सिद्धार्थनगर-1 से 167 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी खगनाथ ग़ैरी को 130 वोट मिले।
वहीं सदस्य (महिला श्रेणी) में सिद्धार्थनगर-6 से सीतादेवी थारू ने 160 वोट पाकर जीत हासिल की। उनकी प्रतिद्वंद्वी उर्मिला कुमारी शर्मा को 136 वोट मिले।
नगर के अन्य वार्डों के साथ-साथ युवा और दलित सदस्य पदों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव परिणाम के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में उत्साह देखा गया।
