पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण का सख्त फरमान

बाजारों में पहुंचकर अधिकारी खुद करें पेट्रोलिंग

त्योहारों पर सुरक्षा के मद्देनजर डीजीपी ने अफसरों को दिए कड़े दिशा-निर्देश 

                 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

लखनऊ! आगामी धनतेरस और दीपावली पर्व, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पर्व पर सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने बड़ा कदम उठाते हुए अहम प्लान तैयार किया है। 

 

 

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण एवं एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने सभी जोनल एडीजी, पुलिस आयुक्त, आईजी , डीआईजी ,एसएसपी -एसपी के साथ ऑनलाइन बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश दिए हैं।

डीजीपी ने कहा कि त्योहारों में भीड़ को देखते हुए इंटेलिजेंट पेट्रोलिंग पर जोर दिया जाए। व्यस्त बाजारों और महत्वपूर्ण स्थानों पर शाम के समय वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी खुद पैदल गश्त करें। पेट्रोलिंग से पहले उस क्षेत्र की पुरानी आपराधिक घटनाओं और अपराध के पैटर्न का विश्लेषण जरूरी है।

डीजीपी ने साफ कहा कि फुट पेट्रोलिंग का मतलब सिर्फ इलाके में घूमना नहीं है। पुलिसकर्मी स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों से संवाद करें, उनकी समस्याएं सुनें और मौके पर ही निस्तारण करें। संवेदनशीलता के हिसाब से पिकेट और फोर्स की तैनाती हो।

बीट पुलिस को खास टास्क दिया गया है। बीट आरक्षियों को अपने गांव-मोहल्लों में अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध असलहों के नेटवर्क की पहचान करने के लिए प्रशिक्षित किया जाए। 

यूपी-112 की गाड़ियां इमरजेंसी के साथ-साथ सामान्य स्थिति में भी धीमी गति से लगातार पेट्रोलिंग करें और शाम 6-7 बजे के बाद निर्धारित अंतराल पर सायरन बजाकर अपनी मौजूदगी दिखाएं।

डीजीपी ने त्योहारों में जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक ड्यूटी का पुनर्गठन करने और भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त फोर्स लगाने के निर्देश दिए हैं।

पटाखों की दुकानों को लेकर डीजीपी ने सख्त गाइडलाइन जारी की है। पटाखा दुकानें खुले और सुरक्षित स्थानों पर, मुख्य बाजार से अलग लगेंगी। सभी के लिए अस्थायी लाइसेंस अनिवार्य होगा। हर दुकान पर पानी, रेत और अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी होगा। पिछले पांच साल में पटाखों से हुई मौतों को देखते हुए सभी अस्थायी दुकानों और भंडारण स्थलों की सघन जांच करने को कहा गया है।

दीपावली से लेकर छठ तक फायर ब्रिगेड को अलर्ट पर रखा जाएगा। भैयादूज पर महिलाओं की आवाजाही बढ़ने के चलते बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक परिवहन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने अपराध नियंत्रण को लेकर कहा कि किसी घटना का खुलासा होने पर जांच सिर्फ वहीं तक सीमित न रहे। गैंग के पूरे नेटवर्क, उसके अंतर-जनपदीय संबंधों, अवैध असलहों की सप्लाई चेन और मादक पदार्थों के नेटवर्क का पता लगाकर एसटीएफ के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *