मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 22वीं वाहिनी एसएसबी (SSB) की एफ कंपनी मुख्यालय सोनौली टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भारतीय नागरिक के पास से अवैध हथियार बरामद किया है। यह कार्रवाई सोनौली ट्रेड एंड ट्रांजिट रूट पर नियमित जांच (BIT Checking) के दौरान की गई।
एसएसबी टीम ने मोहम्मद अशरफ नामक एक व्यक्ति को पकड़ा, जो नेपाल के जनकपुर से भारत के संत कबीर नगर की ओर आ रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से एक देशी तमंचा, लोडेड मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह अवैध हथियार नेपाल के जनकपुर से लाकर भारत में व्यक्तिगत उपयोग के लिए तस्करी के जरिए लाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, सतर्क एसएसबी जवानों ने उसे सीमा पर ही पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसबी द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए लगातार कड़ी निगरानी और चौकसी बरती जा रही है।