राहुल सिंह
फरेंदा, महाराजगंज।
जनपद में अवैध नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम सभा खड़खोड़ा में अफीम पोस्ता की खेती को पूरी तरह नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मंगलवार दोपहर की गई।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निरीक्षक महेश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम में औषधि निरीक्षक नवीन कुमार और राजस्व विभाग के अधिकारी महेश शर्मा भी शामिल रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए अफीम पोस्ता के पौधों और डोडा फल को नष्ट कराया।
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
विशेष न्यायाधीश (नशा निवारण केंद्र) संजय मिश्रा के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी। टीम ने मौके पर पौधों और फलों की गिनती कर उनका वजन कराया, जो कुल 8 किलो 300 ग्राम पाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पहले ही हो चुका था बड़ा खुलासा
इस अवैध खेती का भंडाफोड़ बीते शनिवार को बृजमनगंज पुलिस ने किया था। पुलिस ने मौके से करीब 450 अफीम के पौधे और लगभग 520 डोडा फल बरामद कर आरोपी रामनरेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
नेपाल से लाए गए थे बीज
जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुछ दिन पहले नेपाल के नवलपरासी जिले में रहने वाले अपने रिश्तेदार से अफीम के पौधे लाकर अपने खेत में उगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए खेत की निगरानी के लिए पुलिस टीम भी तैनात की गई थी।
प्रशासन का सख्त संदेश
इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।