कपिलवस्तु में तनावः महाराजगंज और बरगदावा में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू, भारी पुलिस बल तैनात

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

कपिलवस्तु नेपाल! रामनवमी और ईद के उल्लास के बीच कपिलवस्तु के महाराजगंज और बरगदवा क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। बिगड़ते हालात को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यालय ने आज दोपहर 2 बजे से अनिश्चितकालीन निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत आज सुबह उस समय हुई जब मंदिरों में रामनवमी के भजन और मस्जिदों में नमाज के दौरान माइक्रोफोन (लाउडस्पीकर) की आवाज को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। यह बहस जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इस घटना में मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की भी खबरें हैं, जिससे स्थानीय युवाओं में आक्रोश फैल गया।

कार्यवाहक प्रमुख जिलाधिकारी भावेश्वर घिमिरे ने बताया कि झड़प के दौरान पत्थरबाजी में 5 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित क्षेत्रों में घेराबंदी कर दी है। जिसमें पूरब में बरगड़ी पुल तक, पश्चिम में बहादुरगंज चौक तक, उत्तर में महाराजगंज बाजार तक और,दक्षिण में हरदौना क्षेत्र तक लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

जिला प्रशासन का कहना है कि अगले आदेश तक इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की सभा, रैली, जुलूस या सार्वजनिक जमावड़े पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है।

स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि फिर से कोई अप्रिय घटना न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *