पुलिस-एसएसबी की संयुक्त गश्त तेज
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज!
नेपाल से गुरुवार देर शाम शुरू हो रही कांवड़ यात्रा के मद्देनजर भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान संयुक्त रूप से सीमा की पगडंडियों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है।
बुधवार शाम नौतनवां के एसडीएम कुणाल, क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह और एसएसबी 22 वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट संदीप सिंह के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने नेपाल से भारत आने-जाने वाले यात्रियों की जांच की और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में नेपाल से आने वाले लोगों की सघन जांच की।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट हैं और नेपाल से आने वाले यात्रियों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। सावन माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
विशेष रूप से नेपाल से आने वाले कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सोनौली महेंद्र मिश्रा, एसएसबी इंस्पेक्टर विशाल सिंह, चौकी प्रभारी सोनौली उमाकांत सरोज सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं एसएसबी के जवान मौजूद रहे।