गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के पुत्र अंबरीष ने की आत्महत्या

मनोज कुमार त्रिपाठी 

गोरखपुर 24 अप्रैल! गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र में शुक्रवार को टेंट एवं होटल व्यवसायी और चित्रगुप्त मंदिर के मंत्री अंबरीष कुमार श्रीवास्तव ने कुसम्ही स्थित फार्म हाउस में खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली।

श्री श्रीवास्तव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।‌ मृतक अंबरीष गोरखपुर मंडल के प्रमुख टेंट एवं मैरिज हॉल व्यवसाय श्री अतुल श्रीवास्तव के बड़े पुत्र थे तथा फाइव सेंसेज होटल के साथ अन्य तमाम कारोबार का संचालन करते थे।

मिली खबर के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। अंबरीष कुमार श्रीवास्तव अपने पार्क रोड स्थित आवास से फॉर्च्यूनर गाड़ी से फार्म हाउस पहुंचे थे। वहां पहुंचकर वह सीधे ऊपर के कमरे में चले गए। कुछ देर बाद कमरे से अचानक गोली चलने की तेज आवाज आई जिसे सुनकर कर्मचारी घबरा गए और दौड़ते हुए ऊपर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खोलने पर देखा गया कि अंबरीष खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। गोली उनके मुंह के पास लगी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय वह मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। 

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मगर कुछ लोग घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *