गिरफ्तार सभी बांग्लादेशी नागरिक काठमांडू की पांच पश्मीना फैक्ट्रियों में कर रहे थे काम
सशस्त्र प्रहरी बल ने सभी को आव्रजन विभाग को सौंपा
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
काठमांडू! नेपाल की राजधानी काठमांडू में अवैध रूप से प्रवेश कर विभिन्न पश्मीना फैक्ट्रियों में काम करने के आरोप में 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
सशस्त्र प्रहरी बल (APF) नेपाल की इंटेलिजेंस ब्यूरो टीम द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर काठमांडू की 5 अलग-अलग पश्मीना फैक्ट्रियों में छापेमारी कर इन नागरिकों को हिरासत में लिया।
यह सभी विदेशी नागरिक बिना किसी वैध दस्तावेज (वीजा/वर्क परमिट) के अवैध रूप से नेपाल में रहकर पश्मीना कारखानों में मजदूरी कर रहे थे।
जिन फैक्ट्रियों में रेड की गई उनमें रुबी पश्मीना कंपनी, लिस्टिमाई पश्मीना उद्योग, आरपी पश्मीना उद्योग, सिद्धार्थ सिवानी पश्मीना उद्योग और गोल्डेन पश्मीना हैंडीक्राफ्ट शामिल हैं।
सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता डीआईजी नेत्र कार्की के अनुसार, पकड़े गए सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए काठमांडू के कालिकास्थान स्थित आव्रजन विभाग को
सौंप दिया गया है।
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद मुक्तार हुसेन, 39 वर्षीय अब्बास अली, 46 वर्षीय रफीक आलम, 40 वर्षीय मोहम्मद आरिफ सोसन, 30 वर्षीय अजीजुल, 29 वर्षीय अब्दुल कादर, 37 वर्षीय मोहम्मद आलम, 36 वर्षीय मेहताब मंडल, 20 वर्षीय रतुल इस्लाम और 30 वर्षीय बसर खान के रूप में हई है।
कार्रवाई के बाद सभी 10 लोगों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए काठमांडू के कालिका स्थान स्थित आव्रजन विभाग को सौंप दिया गया है। सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता डीआईजी नेत्र कार्की ने इसकी पुष्टि की है।
प्रवेश और कामकाज के दस्तावेजों पर सवाल
इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि हिरासत में लिए गए विदेशी नागरिक नेपाल में किस प्रक्रिया के तहत दाखिल हुए थे और उनके पास वैध प्रवेश, निवास तथा रोजगार से संबंधित दस्तावेज थे या नहीं हैं।
हालांकि,अधिकारियों की ओर से इस संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले में आगे की स्थिति आव्रजन विभाग की जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

