बेलाहिया भंसार में कैसिनो एजेंटों, ड्राइवरों और टेम्पो चालकों की कथित दादागिरी से भारतीय नागरिकों में दहशत, CCTV फुटेज के आधार पर होगी बड़ी कार्रवाई: एसपी भैरहवा

मनोज कुमार त्रिपाठी 

बेलाहिया भंसार (नेपाल)। भारत-नेपाल सीमा स्थित बेलाहिया भंसार क्षेत्र में कैसिनो के कथित एजेंटों, ड्राइवरों, टेम्पो चालकों और कुछ बाहरी तत्वों की गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारतीय नागरिकों का आरोप है कि सीमा पार करने के दौरान उनके साथ खींचातानी, मारपीट, धमकी और मनमाने तरीके से अधिक किराया वसूलने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सीमा क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

आरोप है कि कुछ कैसिनो एजेंट और ड्राइवर भारतीय नागरिकों को जबरन अपनी ओर ले जाने की कोशिश करते हैं। वहीं कुछ टेम्पो चालक पहले कम किराया तय करते हैं, लेकिन नेपाल की सीमा में प्रवेश कराने के बाद अचानक अधिक पैसे की मांग करने लगते हैं। विरोध करने पर कथित रूप से कैसिनो एजेंट, ड्राइवर, टेम्पो चालक और कुछ बाहरी तत्व एकजुट होकर यात्रियों के साथ मारपीट करते हैं।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी तरह की एक घटना में करीब पांच भारतीय नागरिकों को दौड़ाकर पीटा गया। दावा किया जा रहा है कि पूरी घटना नेपाल के CCTV कैमरों में कैद हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फुटेज में गले में आईडी कार्ड पहने कई कथित कैसिनो एजेंट भी भीड़ के साथ मौजूद दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय कुछ बाहरी तत्व भारतीय नागरिकों से पैसे छीनने, भय का माहौल बनाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि कुछ लोगों की ऐसी गतिविधियां नेपाल सरकार की छवि को भी धूमिल कर रही हैं।

इस पूरे मामले पर एसपी भैरहवा ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि “चाहे वह कैसिनो एजेंट हो, ड्राइवर हो, टेम्पो चालक हो या कोई बाहरी तत्व—यदि वह वीडियो फुटेज में कानून तोड़ते हुए दिखाई देता है, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी भारतीय नागरिक के साथ मारपीट हुई, तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

वहीं इंस्पेक्टर बेलाहिया ने स्पष्ट किया कि किसी भी विवाद की स्थिति में लोग सीधे पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। किसी भी व्यक्ति या समूह को कानून अपने हाथ में लेने अथवा किसी के साथ मारपीट करने का कोई अधिकार नहीं है।

अब सवाल यह है कि…

क्या बेलाहिया भंसार में कैसिनो एजेंटों, ड्राइवरों और टेम्पो चालकों की कथित दादागिरी पर प्रशासन सख्त लगाम लगाएगा, या सीमा पर भारतीय नागरिक इसी तरह असुरक्षित महसूस करते रहेंगे?

फिलहाल प्रशासन ने साफ कर दिया है कि CCTV फुटेज में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा—चाहे वह कैसिनो एजेंट हो, ड्राइवर हो, टेम्पो चालक हो या कोई बाहरी अराजक तत्व—उसके खिलाफ बड़ी और कठोर कानूनी कार्रवाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *