भूमि अधिग्रहण व मुआवजा वितरण और फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य विंदुओं पर वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक करते जिलाधिकारी 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 21 अप्रैल 2026, जनपद में फॉर्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज प्रातः 06 बजे से विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), लेखपाल, ग्राम सचिव सहित ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गांवों में भेजा गया, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचकर उनकी फॉर्मर आईडी बनाई जा सके।

जिलाधिकारी ने इस अभियान के निगरानी की कमान स्वयं संभाली। उन्होंने कैंप कार्यालय से ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग करते हुए विभिन्न गांवों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा कई गांवों के किसानों, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद स्थापित कर फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति का फीडबैक लिया गया और उन्हें अपनी रजिस्ट्री कराने के साथ अन्य किसानों को भी प्रेरित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने नौतनवां तहसील के कौलही गांव में किसान उमेश राय से बात की और उन्हें प्रेरित किया कि वे अपने गांव के अन्य किसानों को भी फॉर्मर आईडी बनवाने के लिए जागरूक करें। इसी प्रकार परतावल विकासखंड के पिपरिया गांव में अनीशुर्रहमान, कमाल एवं प्रधान प्रतिनिधि वसीम से संवाद कर 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत फॉर्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने की अपील की। जिलाधिकारी ने इन सभी से कहा कि वे गांव स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर प्रत्येक किसान तक इस पहल की जानकारी पहुंचाएं।

जिलाधिकारी ने ग्राउंड पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि फॉर्मर रजिस्ट्री को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 30 अप्रैल के पश्चात किसानों को कृषि विभाग की किसी भी योजना का लाभ केवल फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही प्रदान किया जाएगा। अतः यह आवश्यक है कि सभी पात्र किसान समय रहते अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण करा लें, जिससे उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

गर्मी एवं लू की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को प्रातः एवं सायंकाल के समय विशेष रूप से संचालित किया जाए। इससे न केवल कार्य की गति बनी रहेगी, बल्कि किसानों को भी असुविधा नहीं होगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में टीम बनाकर घर-घर जाकर किसानों से संपर्क किया जाए और मौके पर ही उनकी रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए।

अभियान के दौरान प्रशासन की सक्रियता और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। आज के विशेष अभियान में दोपहर तक कुल 900 नई फॉर्मर आईडी बनाई गईं। इसके साथ ही जनपद में अब तक कुल 3,81,940 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अंत में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कृषक बंधुओं से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और शीघ्र अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं। इससे उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का निर्बाध एवं पारदर्शी लाभ प्राप्त हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *