भैरहवा में स्वर्ण-रजत व्यापारियों ने उठाई समस्याओं की आवाज, कर वृद्धि और सुरक्षा को बताया बड़ी चुनौती

सोने की बढ़ती कीमतों से प्रभावित कारोबार, व्यापारियों ने सरकार से मांगा सहयोग और सुरक्षा

मनोज कुमार त्रिपाठी 

भैरहवा। रूपन्देही के भैरहवा में आयोजित सिद्धार्थनगर गोल्ड एंड सिल्वर बिजनेस एसोसिएशन की पांचवीं वार्षिक आम बैठक में स्वर्ण एवं रजत व्यापारियों ने अपने व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने कहा कि बढ़ते कर, सोने की लगातार बढ़ती कीमतें, सुरक्षा संबंधी चुनौतियां तथा आर्थिक मंदी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिद्धार्थनगर नगरपालिका के मेयर इश्तियाक अहमद खान ने कहा कि व्यापारियों को अपनी मांगों और समस्याओं को खुलकर सामने रखना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय सरकार व्यापारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

सिद्धार्थनगर गोल्ड एंड सिल्वर बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन बिस्वकर्मा ने कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन की इमारत को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

नेपाल स्वर्ण एवं रजत व्यापारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष प्रेम कुमार सेंचुरी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में कारोबार करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

लुम्बिनी प्रांत के सदस्य प्रकाश मणि बिस्वकर्मा ने बताया कि सोने के आयात पर कर 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत किए जाने के बाद व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। वहीं रूपन्देही गोल्ड एंड सिल्वर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल रामदम ने कहा कि सोने की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण ग्राहकों की खरीदारी प्रभावित हुई है। उन्होंने चोरी हुए गहनों की बरामदगी न होने पर भी चिंता व्यक्त की।

रूपन्देही चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सचिन रोका ने कहा कि आर्थिक मंदी, घटती क्रय शक्ति और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के कारण व्यापारिक गतिविधियों में कठिनाइयां बढ़ रही हैं। वहीं सिद्धार्थ नेटवर्क के अध्यक्ष अनिल कुमार ग्यावली ने स्वर्ण-रजत व्यापारियों की सुरक्षा के लिए नगर पुलिस की तैनाती की मांग उठाई।

कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से प्रभावी पहल करने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन बिस्वकर्मा ने की तथा संचालन महासचिव गणेश बी.के. ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *