मनोज कुमार त्रिपाठी
नौतनवां महराजगंज! नौतनवां थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़िया में सोमवार रात करीब 9 बजे बागीचे में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुआ देखे जाने की चर्चा और सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, वन विभाग ने अब तक क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही उत्तरी चौक रेंज के वन क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के साथ आसपास के बागीचों और संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने तेंदुआ निकलने की जानकारी मिलने की बात कही, लेकिन किसी के द्वारा अपनी आंखों से तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि नहीं की गई।

वन विभाग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर को भी फिलहाल प्रमाणित नहीं माना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी। सोमवार रात करीब 10 बजे से वनकर्मियों की टीम इलाके में सक्रिय रही और देर रात करीब 1 बजे तक अलग-अलग स्थानों पर पेट्रोलिंग करती रही।
metaslider id=”5660″]
ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
वन क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट और तस्वीरों के आधार पर घबराने से बचने की अपील की। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने खासकर रात के समय अकेले बागीचों या सुनसान स्थानों पर जाने से बचने को कहा है। किसी जंगली जानवर के दिखाई देने पर उसके पास जाने, पीछा करने या उसे घेरने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
अब तक नहीं मिले पुख्ता प्रमाण
वन विभाग के अनुसार, अभी तक तेंदुए की मौजूदगी के कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं। वायरल तस्वीर की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी जारी है। विभाग का कहना है कि नई जानकारी या जंगली जानवर की मौजूदगी के प्रमाण मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
