केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा— 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से बढ़ रहा देश, 20 लाभार्थियों को वितरित किए गए नए राशन कार्ड।
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज। खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा आयोजित ‘लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन’ का आयोजन बुधवार को जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी रहे। दोनों मंत्रियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर रिकॉर्ड खरीद की जा रही है। मंत्री ने घोषणा की कि अगले तीन माह के भीतर सभी पात्र एवं वंचित व्यक्तियों की पहचान कर उनके राशन कार्ड बनवाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।


मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए हैं तथा 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित किया है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराकर सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। साथ ही जनधन खातों के माध्यम से योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है तथा किसानों को रियायती दर पर यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने 20 नव-पात्र लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए तथा एमएसपी से जुड़े 10 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
इससे पूर्व सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया एवं पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने उपस्थित उचित दर विक्रेताओं, ग्राम प्रधानों एवं लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व विधायक बजरंगी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही, डिप्टी आरएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और आमजन उपस्थित रहे।