पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई, 21 हजार रुपये के नकली नोट बरामद
मनोज कुमार त्रिपाठी
नेपाल के रुपन्देही जिला में पुलिस ने नकली नोट के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई विशेष सूचना के आधार पर की गई, जिसमें जिले के विभिन्न स्थानों पर नकली नेपाली नोटों के इस्तेमाल और सप्लाई की जानकारी मिली थी।
गिरफ्तार आरोपियों में कपिलवस्तु के बाणगंगा नगरपालिका–2 निवासी 36 वर्षीय विष्णु श्रेष्ठ, नवलपरासी (पूर्व) देवचुली नगरपालिका–15 निवासी 28 वर्षीय सुजन खनाल उर्फ मुक्ति प्रसाद खनाल, सिन्धुपाल्चोक के चौतारा साँगाचोकगढी नगरपालिका–8 निवासी 35 वर्षीय रोल बहादुर श्रेष्ठ तथा काठमांडौ के बुढानिलकण्ठ नगरपालिका–9 निवासी 53 वर्षीय दीपेन्द्र थापा शामिल हैं।
जिला प्रहरी कार्यालय रुपन्देही के सूचना अधिकारी एवं डीएसपी कृष्ण कुमार चन्द के अनुसार पुलिस टीम ने निगरानी के दौरान 2082 चैत 22 को सिद्धार्थनगर और चैत 26 को सैनामैना नगरपालिका–10 के भच्कैया क्षेत्र से इन चारों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 1000 रुपये के 21 नकली नेपाली नोट बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।