नाबालिग नौकरानी निकली हत्यारिन
चोरी करने के लिए नाबालिग लड़की ने पूर्व नौकरानी सहित तीन लोगों द्वारा घटना को दिया अंजाम
दो महिलाओं सहित तीन गिरफ्तार, पुलिस संरक्षण में है नाबालिग बालिका
पचास हजार रुपए कीमत के जेवरात, दो हजार रुपए की नकदी, मृतका का पासपोर्ट, कलाई घड़ी, गैस पासबुक, बैग, सूटकेस समेत अन्य सामान बरामद
मनोज कुमार त्रिपाठी
लखनऊ! लखनऊ के आशियाना सेक्टर क्षेत्र में स्थित मकान नंबर 772 में रहने वाली नीरा गुप्ता की हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आशियाना क्षेत्र के सेक्टर में स्थित मकान नंबर 772 में रहने वाली जिस बुजुर्ग महिला नीरा गुप्ता की हत्या कर शव बेड के नीचे फर्श पर पड़ा मिला था उनकी जान किसी गैर ने नहीं बल्कि उनके घर में काम करने वाली नाबालिग बालिका ने पूर्व नौकरानी सहित तीन लोगों के साथ मिलकर ली थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो महिलाओं सहित तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि नाबालिग बालिका को पुलिस संरक्षण में लेकर पूछताछ कर रही है।

जांच पड़ताल में सामने आया है कि बुजुर्ग महिला के घर में रखी नकदी और जेवरात देख इनकी नीयत खराब हो गई थी। पुलिस को इनकी निशानदेही पर करीब पचास हजार रुपए कीमत के जेवरात, नकदी के अलावा अन्य सामान बरामद हुए हैं।
आशियाना क्षेत्र सेक्टर में स्थित मकान नंबर 772 में अकेली रहने वाली 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला नीरा गुप्ता की 27 अक्टूबर 2026 को हत्या कर बदमाशों ने घर में रखी नकदी, कीमती जेवरात व अन्य सामान लूट ले गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर लूटपाट करने तथा हत्या किए जाने की बात को सिरे से नकार दिया था, लेकिन दूसरे दिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के दावों की पोल खोल दिया था। रिपोर्ट में आया था कि नीरा गुप्ता की नेचुरल मौत नहीं बल्कि सिर पर वार और गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई तो पुलिस अफसर हरकत में आ गए।

पुलिस के आलाधिकारियों ने खूनी लुटेरों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई थी। घटना को लेकर इंस्पेक्टर आशियाना गजेन्द्र कुमार राय की टीम पूरी तरह से सक्रिय हुई।
इंस्पेक्टर गजेन्द्र कुमार राय के मुताबिक छानबीन में शक घर में काम करने वाली नाबालिग बालिका की भूमिका सामने आने पर हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह अपना जुर्म इकबाल करते हुए कहा कि मृतका के घर में कीमती सामान देख उसे लालच आ गया और रवि प्रकाश रावत, मोनी रावत व सरिता रावत के साथ मिलकर चोरी करने की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने से पहले नाबालिग बालिका ने मृतका को भरोसे में दूध में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। इसके बाद रवि प्रकाश रावत के कहने पर सरिता रावत घर की दहलीज पर खड़ी होकर निगरानी करने लगी तभी नाबालिग बालिका ने रवि व मोनी रावत के साथ मिलकर मौत की नींद सुलाने के बाद घर में रखी नकदी व आभूषण लूटपाट करने की बात स्वीकार किया है।
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर पुलिस ने शनिवार को नगराम थाना क्षेत्र स्थित अकरहुल गांव निवासी रवि प्रकाश रावत, बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र स्थित खैराकनकू निवासी मोनी रावत पुत्री सुधीर रावत व नगराम थाना क्षेत्र स्थित सुखलाल खेड़ा गांव निवासी सरिता रावत पुत्री राम प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बालिका को संरक्षण में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक गिरफ्तार मोनी रावत इससे पहले मृतका के घर काम कर चुकी थी।







