मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली/महराजगंज। नगर पंचायत सोनौली के त्रिलोकपुर स्थित सरकारी कान्हा गौशाला में लगातार हो रही गौवंशों की मौत के मामलों को लेकर गौ-प्रेमी समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में नौतनवा हिंदू धर्म गौशाला समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी ओमप्रकाश वर्मा तथा सोनौली भाजपा के वरिष्ठ नेता व मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नौतनवा को संबोधित एक ज्ञापन जारी कर कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि सरकारी खर्च से संचालित कान्हा गौशाला में पिछले कई दिनों से लगातार गौवंशों की अकाल मृत्यु हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इन मौतों का सिलसिला क्यों नहीं रुक रहा है और प्रशासन व नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इसे रोकने में क्यों विफल साबित हो रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी पूछा गया है कि यदि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं, तो वे अपने पदों से इस्तीफा क्यों नहीं देते। साथ ही गौशाला के संचालन में किसी प्रकार के भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
समाजसेवी ओमप्रकाश वर्मा ने कहा कि गौवंशों की लगातार हो रही मौतें गौ-प्रेमी समाज के लिए अत्यंत दुखद और पीड़ादायक हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर जिम्मेदार लोगों को चिन्हित किया जाए और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से जल्द जवाब देने और गौशाला की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।