उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! जनपद में वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आठ वर्षों से फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी हत्यारे दंपत्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर अपने ही भाई की हत्या कर शव छिपाने का आरोप था और घटना के बाद से वे नेपाल में छिपकर रह रहे थे।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीप शिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में बृजमनगंज थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर फरार अभियुक्तों की घेराबंदी कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्ता विमला गिरी पत्नी दिनेश गिरी को थाना बृजमनगंज क्षेत्र के सूर्यमानपुर कांछा चौराहा से गिरफ्तार किया गया, जबकि अभियुक्त दिनेश गिरी पुत्र सुन्दर उर्फ रमेश गिरी को लेदवा चौराहा से दबोच लिया गया। दोनों मूल रूप से यशोधरा गांव पालिका वार्ड नंबर-03 बसंतपुर, थाना तौलिहवा, जिला कपिलवस्तु (नेपाल) के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक 10 मई 2019 को संपत्ति के लालच में इन दोनों ने अपने ही भाई घनश्याम गिरी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की गई। इस संबंध में थाना बृजमनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 90/2019 धारा 302 व 201 भा.दं.वि. के तहत 90/2019 धारा 302 व 201 भा.दं.वि. के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से दोनों अभियुक्त नेपाल भागकर छिपे हुए थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
लंबे समय से फरार चल रहे इस दंपत्ति पर पुलिस द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, उपनिरीक्षक आलोक यादव, कांस्टेबल हृदय नारायण यादव, हेड कांस्टेबल आलोक कुमार, कांस्टेबल संदीप गौतम तथा महिला कांस्टेबल छाया गौतम शामिल रहीं।