कैंपियरगंज में दिनदहाड़े बाइक चोरी, बाजार में दहशत का माहौल

असलम शेख

कैंपियरगंज ! गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत कैंपियरगंज के चौमुखा क्षेत्र निवासी वीरेंद्र सिंह के घर के ठीक सामने खड़ी बाइक को एक अज्ञात युवक बड़ी चालाकी से चोरी कर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि बाइक घर के सामने खड़ी थी, तभी एक युवक वहां पहुंचा और मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर कुछ ही पलों में बाइक लेकर मौके से निकल गया। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

इस घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन हो रही ऐसी वारदातों से व्यापारी और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *