नौतनवा में फर्जी आईडी से बन रहे थे आधार कार्ड, पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा

फिंगर क्लोन तकनीक से चल रहा था बड़ा फर्जीवाड़ा, जनसेवा केंद्र की आड़ में अवैध काम का खुलासा

मनोज कुमार त्रिपाठी

जनपद महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध तरीके से आधार कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड बनाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ (PPS) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी पुरषोत्तम राव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मणि चौराहा स्थित एक ग्राहक जन सेवा केंद्र पर छापा मारा गया, जहां फिंगर क्लोन तकनीक का इस्तेमाल कर आधार एनरोलमेंट ऐप में फर्जी आईडी-पासवर्ड के जरिए लोगों के अवैध आधार कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड बनाए जा रहे थे। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।

इसी क्रम में तीसरे वांछित आरोपी अमन पासवान (21 वर्ष), निवासी रामनगर टोला बघवा, थाना नौतनवा को 25 मार्च 2026 को मणि चौराहा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 29/2026 के तहत विभिन्न धाराओं और आधार अधिनियम 2016 के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शेरबहादुर यादव और हेड कांस्टेबल रामनिवास यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *